डिनर से कोलोसियम तक साथ…जब मिले PM मोदी और जॉर्जिया मेलोनी, देखें तस्वीरें
Last Updated:May 20, 2026, 11:41 IST
भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का रोम में जबर्दस्त स्वागत किया गया. इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने पीएम मोदी का स्वागत करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, रोम में स्वागत है , मेरे दोस्त. वहीं पीएम मोदी ने भी मेलोनी के साथ मुलाकात की तस्वीरें एक्स पर शेयर की हैं, आइए पीएम मोदी और मेलोनी की डिनर से लेकर कोलोजियम तक मुलाकात की गर्मजोशी भरी तस्वीरें देखें.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रोम पहुंचने पर इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया. पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर दोनों नेताओं की डिनर पर मुलाकात की बेहद खूबसूरत तस्वीरें शेयर की हैं. जिनमें दोनों दोस्तों के बीच की बॉन्डिंग साफ देखी जा सकती है.
इतना ही नहीं मेलोनी ने भी प्रधानमंत्री मोदी के लिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक खास संदेश पोस्ट किया. उन्होंने लिखा, “रोम में आपका स्वागत है, मेरे दोस्त!” दोनों नेताओं ने डिनर पर मुलाकात के दौरान अलग-अलग मुद्दों पर चर्चा की. इसके बाद उन्होंने रोम के प्रतिष्ठित कोलोसियम का भी दौरा किया.
पीएम मोदी मंगलवार रात को अपने पांच देशों के दौरे के आखिरी चरण में इटली पहुंचे थे. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार सुबह एक्स पर लिखा, “रोम में उतरने के बाद मुझे प्रधानमंत्री मेलोनी के साथ डिनर पर मिलने का अवसर मिला.’ उन्होंने आगे लिखा, आज होने वाली हमारी बातचीत का मुझे बेसब्री से इंतजार है, जिसमें हम भारत-इटली की दोस्ती को और मजबूत बनाने के विषय पर अपनी चर्चा जारी रखेंगे.’
Add News18 as
Preferred Source on Google
रोम पहुंचने पर प्रधानमंत्री मोदी ने भारतीय नागरिकों से भी मुलाकात की. पीएम मोदी को देखते ही नागरिकों में खुशी की लहर दौड़ गई. प्रधानमंत्री मोदी अपने 5 देशों के दौरे के आखिरी पड़ाव के लिए इटली में हैं, जहां उम्मीद है कि बातचीत का मुख्य केंद्र दोनों देशों के बीच व्यापार, रक्षा, स्वच्छ ऊर्जा, रणनीतिक सहयोग और तकनीकी साझेदारी जैसे मुद्दे होंगे.
बुधवार को प्रधानमंत्री मोदी की मुलाकात जॉर्जिया मेलोनी से ऐतिहासिक विला डोरिया पैम्फिली में होगी. इसके बाद दोनों नेता भारत-इटली रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के लिए एक संयुक्त घोषणा पत्र जारी करेंगे.
प्रधानमंत्री मोदी अपनी इटली यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मेलोनी के साथ द्विपक्षीय बातचीत करेंगे. इसके अलावा, वह इटली के राष्ट्रपति सर्जियो मैटरेला से भी मुलाकात करेंगे.
पीएम मोदी ने आगे कहा, “भारत और इटली के बीच लंबे समय से मजबूत और कई क्षेत्रों में फैले रिश्ते हैं. यह यात्रा दोनों देशों की साझेदारी को नई रफ्तार देगी.”
विदेश मंत्रालय (एमईए) के मुताबिक, यह यात्रा ऐसे समय हो रही है, जब दोनों देशों के रिश्तों में लगातार तेजी आ रही है. भारत और इटली मिलकर 2025-2029 की संयुक्त रणनीतिक कार्य योजना पर काम कर रहे हैं. इस योजना में व्यापार, निवेश, रक्षा, स्वच्छ ऊर्जा, नवाचार, विज्ञान और प्रौद्योगिकी, तथा लोगों के बीच आपसी संबंध बढ़ाने जैसे कई क्षेत्र शामिल हैं.
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए कहा, “भारत-इटली रणनीतिक साझेदारी में एक नया अध्याय जुड़ रहा है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आधिकारिक यात्रा पर रोम पहुंचे हैं.’ पीएम मोदी और मेलोनी की ये तस्वीरें अब सोशल मीडिया पर भी काफी वायरल हो रही हैं.
न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।
Source
